अंबिकापुर। सरगुजा जिले के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान बिरला ओपन माइंड्स इंटरनेशनल स्कूल में संस्थान की तीसरी वर्षगांठ और भव्य अलंकरण समारोह (इन्वेस्टिचर सेरेमनी) का गरिमामय एवं भव्य आयोजन संपन्न हुआ। दोहरे उत्सव के इस विशेष मौके पर विद्यालय परिसर में जहां एक ओर छात्र नेतृत्व और अनुशासन का अनूठा संगम देखने को मिला, वहीं दूसरी ओर रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समां बांध दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में 62वीं बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट दीपक मेहरा उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में अंबिकापुर के डीएसपी अमृत कुजूर ने शिरकत की।
समारोह के मुख्य आकर्षण का केंद्र रही अलंकरण सेरेमनी, जिसका मूल उद्देश्य विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, दायित्व बोध और लोकतांत्रिक मूल्यों का बीजारोपण करना था। चयनित छात्र-छात्राओं को मंच पर औपचारिक रूप से पदभार, बैज और दायित्व सौंपे गए। अपने नए पदों की शपथ लेते हुए नवनियुक्त छात्र प्रतिनिधियों के चेहरों पर गर्व, आत्मविश्वास और नई जिम्मेदारियों को निष्ठा से निभाने का संकल्प साफ झलक रहा था। पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और माहौल पूरी तरह उत्साह से भर गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि कमांडेंट दीपक मेहरा और डीएसपी अमृत कुजूर ने छात्र-छात्राओं को जीवन में अनुशासन और नैतिक मूल्यों के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि किताबी ज्ञान के साथ-साथ एक सजग नागरिक और सफल लीडर बनने के लिए सकारात्मक सोच और दृढ़ संकल्प बेहद जरूरी हैं। अतिथियों ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि नेतृत्व केवल पद का नाम नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और सही दिशा में कदम बढ़ाने की कला है। उन्होंने बच्चों से अपनी पढ़ाई और आचरण दोनों में उत्कृष्ट संतुलन बनाए रखने का आह्वान किया।
स्कूल की तीसरी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न विधाओं में मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों के शास्त्रीय, लोक और समकालीन नृत्यों के साथ-साथ समूह गान ने उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों और अभिभावकों का मन मोह लिया। स्कूल प्रबंधन ने इस अवसर पर कहा कि यह संस्थान केवल अकादमिक शिक्षा तक सीमित न रहकर बच्चों के सर्वांगीण और चारित्रिक विकास के लिए निरंतर समर्पित है। तीसरे वर्ष के सफल सफर पर सभी शिक्षकों और पालकों का आभार व्यक्त किया गया। इस भव्य आयोजन ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और प्रेरणा का संचार किया।
